रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में होली के दौरान दो गुटों के बीच विवाद में तलवारबाजी हुई जिसमें आज एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात की है, जब बाइक की चाबी को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ, जो जल्द ही तलवारबाजी तक पहुंच गया। इस हिंसक झड़प में चार लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे है, जिनमें से सोनू मुंडा की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने रांची-पुरूलिया रोड किया जाम
यह झड़प नामकुम स्टेशन के पास स्थित खटाल बस्ती और जोरार बस्ती के बीच हुई थी। घटना के बाद, रविवार को गुस्साए लोगों ने सोनू मुंडा की मौत के विरोध में रांची-पुरुलिया रोड जाम कर दिया। सड़क पर टायर जलाकर और नारेबाजी करते हुए स्थानीय लोग न्याय की मांग कर रहे थे। इस विरोध प्रदर्शन में विधायक, पूर्व विधायक और छात्र नेता भी शामिल हुए, जो ग्रामीणों के समर्थन में थे।
पुलिस ने 12 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की प्राथमिकी
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की और दो दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर 12 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वीडियो फुटेज का भी सहारा लिया जा रहा है। घटना के बाद प्रशासन ने आश्वासन दिया कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिससे स्थिति शांत हो सकी।
|