बाढ़ अनुमंडल के अचुआरा गांव में सुबह 8:00 बजे एक पुराने विवाद में दो युवकों को गोली मार दी गई। घायल युवक कन्हैया कुमार और पुष्कर आदित्य अचुआरा गांव के ही रहने वाले हैं। कन्हैया कुमार के एक पैर में गोली लगी है, जबकि पुष्कर आदित्य के दोनों पैरों में गोली लगी हुई है। पुष्कर आदित्य को तत्काल पटना रेफर कर दिया गया है, जबकि कन्हैया कुमार का इलाज बाढ़ अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है। घटना के बारे में बताया गया है कि होली के दिन से दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। गांव के ही लोग एक दूसरे को आए दिन देख लेने की धमकी दे रहे थे। कल भी गांव में दोनों पक्षों में मारपीट की घटना हुई थी। आज सुबह फिर विवाद अचानक बढ़ गया, जिसमें दोनों पक्षों ने ताबड़तोड़ 10 राउंड फायरिंग कर दी।