जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत कीनूडीह गांव से सटे जाहेर थान के पीछे एक पेड़ से झूलता युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अनिल मुर्मू के रूप में हुई है, जो बोकारो जिले के लालपनिया का रहने वाला था। अनिल जनवरी महीने में काम के सिलसिले में जमशेदपुर अपनी बहन के घर आया था और यही रहकर दिहाड़ी मजदूरी का काम करता था। परिजनों ने बताया कि अनिल कल शाम से ही घर से गायब था। आज सुबह किसी ने जाहेर थान के पीछे पेड़ से फंदे से झूलता अनिल का शव होने की बात कही। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की बहन ने बताया कि उसके भाई की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उसने आत्महत्या क्यों की यह जांच का विषय है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।