झारखंड में इस साल मार्च माह में ही गर्मी ने दस्तक दे दी है, और स्थिति यह है कि हीट वेव का असर अब दिखने लगा है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि होली के दौरान राज्य के कई इलाकों में लू चलने की संभावना है, जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है, ताकि लू से बचा जा सके और होली का मजा बिगड़े नहीं।
तापमान 40 डिग्री के पार जाने की संभावना
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 14 और 15 मार्च को होली के दिन झारखंड के कुछ हिस्सों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर जा सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 23 डिग्री तक रह सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि पलामू और गढ़वा के अलावा कोल्हान क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भी हीट वेव का असर देखने को मिल सकता है।
रांची का तापमान
14 मार्च को रांची का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं, 15 मार्च को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास रह सकता है।
हीट वेव की चेतावनी वाले जिले
14 मार्च को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां में हीट वेव की संभावना है। वहीं, 15 और 16 मार्च को कोल्हान, पलामू और गढ़वा में भी लू चलने के आसार हैं।
कहां पड़ेगी सबसे अधिक गर्मी
गोड्डा, पाकुड़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 20-22 डिग्री के बीच रह सकता है।
|